हरिनाम ही जीव के कल्याण का मार्ग, बच्चों में संस्कार ही देश का भविष्य : संत सुखदेव महाराज

 हरिनाम ही जीव के कल्याण का मार्ग, बच्चों में संस्कार ही देश का भविष्य : संत सुखदेव महाराज




पीपाड़ शहर। उपखंड क्षेत्र के मादलिया के बड़ा रामद्वारा में संत कनीराम महाराज की पावन वर्षी मेला महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित पंचम दिवस की सत्संग कथा में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। कथा व्यास संत सुखदेव महाराज ने हरिनाम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि हरि का नाम ही जीव के कल्याण का सर्वोत्तम मार्ग है। मनुष्य को अपने जीवन में निरंतर प्रभु नाम का स्मरण करना चाहिए। हरिनाम के सुमिरन से मनुष्य का जीवन पवित्र होता है तथा उसे आध्यात्मिक शांति एवं सद्गति की प्राप्ति होती है।


सत्संग कथा में विशेष रूप से रामधाम खेड़ापा के उत्तराधिकारी संत गोविंद राम महाराज (गोविंद राम शास्त्री) का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बच्चों में संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि बचपन से ही बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य, माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान तथा धर्म और संस्कृति के प्रति आस्था विकसित की जाए, तो एक आदर्श समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाने का आह्वान किया।


पंचम दिवस की कथा में विभिन्न रामद्वारों एवं धार्मिक स्थलों से अनेक संत-महात्माओं का आगमन हुआ। इनमें मोती चौक रामद्वारा के महंत संत रामरतन महाराज, राममौल्ला रामद्वारा के महंत संत हनुमानदास महाराज, देवली रामव्दारा के महंत संत गोविंद राम महाराज, सम्भाडि़या के संत संत सुंदरदास महाराज, साथिन रामद्वारा के महंत निर्भय राम महाराज, संत सुखदेव महाराज, संत मुरत राम महाराज एवं संत रामप्रकाश शास्त्री सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन आगमन हुआ। वहीं सुरसुरा दादू द्वारा से संत भागीरथ महाराज सहित अनेक संतों ने भी अपनी उपस्थिति से सत्संग की शोभा बढ़ाई।


संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य में आयोजित सत्संग से श्रद्धालुओं ने धर्म, भक्ति, हरिनाम सुमिरन एवं संस्कारों का संदेश प्राप्त किया। पूरा वातावरण रामनाम की भक्ति और संतवाणी से भक्तिमय बना रहा।

बड़ा रामद्वारा मादलिया के महंत रामस्वरूप महाराज व युवा रामस्नेही संत कल्याण महाराज ने बताया कि कथा का समापन बुधवार को होगा। बुधवार रात्रि में संतों द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी। गुरुवार को बरसी महोत्सव को लेकर विशेष पूजा अर्चना के बाद दोपहर में प्रसादी का आयोजन होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने