मंदिर के सामने खुलेआम बिक रही अवैध शराब, ग्रामीणों में आक्रोश।
कलेक्टर को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कार्यवाही नहीं, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल?
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-मालाखेड़ा- अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के लिली ग्राम में मंदिर परिसर के सामने कथित रूप से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होने का मामला सामने आया है। धार्मिक स्थल के सामने शराब की बिक्री से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के सामने शराब बिकने से धार्मिक स्थल की मर्यादा प्रभावित हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार,गांव में मंदिर परिसर के सामने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कई बार जिला कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। ज्ञापनों के माध्यम से प्रशासन से अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने और मंदिर के आसपास शराब की बिक्री तत्काल बंद करवाने की मांग की गई है। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मंदिर के सामने खुलेआम शराब बिक्री की शिकायतें लगातार की जा रही हैं, तो आखिरकार जिम्मेदार अधिकारी कार्यवाही करने से क्यों बच रहे हैं? आबकारी विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया? शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। अब देखना यह है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन इस मामले में कब तक कार्यवाही करता है। मंदिर परिसर के सामने शराब बिक्री के कारण आए दिन शराबी मंदिर में श्रद्धालुओं को परेशान करते रहते हैं। उसके बावजूद भी प्रशासन में आबकारी विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि घर और मंदिर में कोई फर्क नहीं होता अगर यही स्थिति इन अधिकारियों के घरों के सामने होती तो क्या होता।
