केक पर उकेरी राजस्थान की शान, जयपुर की महिमा का नाम विश्व रिकॉर्ड में दर्ज
455 केक-कुकीज़ से बनी भारत की सबसे बड़ी एडिबल आर्ट प्रदर्शनी में किया राजस्थान का प्रतिनिधित्व
जयपुर। जयपुर की प्रतिभाशाली केक आर्टिस्ट महिमा सांखला ने विश्व रिकॉर्ड बनाकर राजस्थान का नाम रोशन किया है। 16 नवंबर 2026 को पुणे में आयोजित कार्यक्रम में महिमा ने 36 अन्य कलाकारों के साथ मिलकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस रिकॉर्ड को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन से संबद्धता मिली। आयोजन में 455 केक और कुकीज़ से भारत के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, कला और विरासत को दर्शाती दुनिया की सबसे बड़ी एडिबल आर्ट प्रदर्शनी तैयार की गई। इसमें महिमा ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश के ऐतिहासिक किलों, महलों और समृद्ध संस्कृति को केक आर्ट के माध्यम से खूबसूरती से उकेरा। इस उपलब्धि के लिए सभी कलाकारों ने कई महीनों तक मेहनत की। महिमा ने बताया कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होना उनके जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण है। यह सम्मान पूरे जयपुर और राजस्थान का है। प्रसिद्ध केक आर्टिस्ट प्राची धबल देब के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिमा की कलाकारी को दर्शकों और निर्णायकों ने खूब सराहा। उनकी इस उपलब्धि से जयपुर में खुशी की लहर है। महिमा की सफलता युवाओं, खासकर रचनात्मक क्षेत्र में करियर बनाने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है।
