मुख्यमंत्री एक जनवरी को भीलवाड़ा में करेंगे अखिल भारतीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ

 मुख्यमंत्री एक जनवरी को भीलवाड़ा में करेंगे अखिल भारतीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ


स्वदेशी मेला आयोजन समिति ने जयपुर में जनप्रतिनिधियों को किया आमंत्रित


शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।


भीलवाड़ा। ईस्वी संवत वर्ष 2027 का आगाज भीलवाड़ा के लिए इस बार कुछ खास होने वाला है। नए साल के पहले ही दिन दस दिवसीय अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रारंभ होगा। आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड पर होने वाले इस भव्य आयोजन के लिए स्वदेशी मेला आयोजन समिति ने अध्यक्ष सांसद दामोदर अग्रवाल के नेतृत्व में सोमवार को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। समिति ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने एवं स्वदेशी के प्रति जनजागृति की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके लिए सहमति प्रदान कर दी। समिति ने जयपुर में उप मुख्यमंत्री दियाकुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती से मिलकर उन्हें भी आमंत्रित किया। स्वदेशी मेले का शुभारंभ एक जनवरी को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल होंगे। शुभारंभ समारोह में अन्तराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाधीश्वर जगद्गुरू आचार्य रामदयाल महाराज का भी सानिध्य प्राप्त होगा। भीलवाड़ा जिले के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों की मौजूदगी में होने वाले उद्घाटन समारोह में 151 विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत वंदेमातरम् की प्रस्तुति दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने