*97 हजार के चालान के सेटलमेंट के लिए मांगी 45 हजार की रिश्वत*
रिपोर्टर -::(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज ,राजस्थान
*लोकायुक्त ने 5 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ा*
* लोकायुक्त इंदौर संभाग ने रिश्वत की मांग के विरुद्ध बड़ी ट्रैप कार्यवाही की है। एमपीईबी अरण्य जोन के जूनियर इंजीनियर और मीटर रीडर के खिलाफ मामला दर्ज कर 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है।
*क्या है मामला*
शिकायतकर्ता आर्जव जैन, संचालक वीरुश कैफे, स्काई कॉर्पोरेट, एबी रोड, इंदौर ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनके कैफे पर अरण्य जोन के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने चालानी कार्यवाही करते हुए 97 हजार रुपए का चालान बनाया था।
इस चालान का सेटलमेंट कराने के एवज में मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इसमें से 20-20 हजार रुपए की दो किस्तों में 40 हजार रुपए पहले ही ले लिए गए थे।
शिकायत की पुष्टि होने पर 23 नवंबर 2026 को आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 एवं धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
*ऐसे हुआ ट्रैप*
लोकायुक्त टीम के अनुसार रिश्वत की राशि स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने आवेदक से प्राप्त की। इसके बाद आरोपी संदीप को दीपक सचदेवा के माध्यम से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पार्किंग B1, स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग, स्कीम नंबर 78, इंदौर में रंगे हाथों ट्रैप किया गया।
*आरोपी*
1. रवि मिश्रा, जूनियर इंजीनियर, अरण्य जोन, एमपीईबी इंदौर
2. संदीप, मीटर रीडर, अरण्य जोन, एमपीईबी इंदौर
3. दीपक सचदेवा, सुपरवाइजर, हाउसकीपिंग स्टाफ, स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग
यह कार्यवाही महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।
