पीपाड शहर में गौ सेवा और रक्तदान के जरिए स्वर्गीय लक्ष्मण उर्फ लक्की टाक को श्रद्धांजलि
सात गौशालाओं में गौ माता को लापसी खिलाई, हैप्पी सेवा संस्थान में आयोजित रक्तदान शिविर में 86 यूनिट रक्त संग्रहित
पीपाड़ सिटी। स्वर्गीय लक्ष्मण उर्फ लक्की टाक की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पीपाड़ सिटी में श्रद्धांजलि को सेवा और मानव कल्याण से जोड़ते हुए विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पीपाड़ क्षेत्र की लगभग सात गौशालाओं में गौ माता को लापसी खिलाकर गौ सेवा का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सुबह 10 बजे से हैप्पी सेवा संस्थान परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 86 यूनिट रक्तदान किया। रक्त संग्रहण में जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के आयोजक दिनेश सिंह कच्छावाह ने रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम, सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लक्ष्मण टाक की पुण्यतिथि पर गौ सेवा और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि “गौ सेवा और मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।” प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, पुण्यतिथि अथवा अन्य विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए गौ सेवा, मानव सेवा और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जोड़ना चाहिए। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है और एक यूनिट रक्त किसी परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आता है। पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इन सेवा कार्यक्रमों ने “श्रद्धांजलि को सेवा में बदलने” का प्रेरणादायी संदेश दिया। स्व लक्ष्मण टाक के परिवार जनों की ओर से सभी रक्तदाताओं को पारितोषिक वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रकाश मारोटिया, रतन टाक, सुखदेव गहलोत, माधुसिंह कच्छावाह, अर्जुंन टाक, विजय परिहार, रविंद्र देवङा का विशेष सहयोग रहा।
