शिक्षक दिवस पर छात्राएं बनीं शिक्षिका, संभाली विद्यालय की कमान
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों के साथ शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए विद्यालय की शिक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
छात्राओं ने विभिन्न कक्षाओं में शिक्षण कार्य करवाकर शिक्षकों की भूमिका और उनके दायित्वों को समझा। साथ ही विद्यालय की दैनिक व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता करते हुए अनुशासन, प्रबंधन एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को शिक्षक के कार्यों, जिम्मेदारियों तथा विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
शिक्षक दिवस समारोह में प्राचार्य सुरेंद्र सिंह बारेठ ने सभी छात्राओं को आशीर्वाद दिया व भविष्य में अच्छा नागरिक बनने की सीख दी। वरिष्ठ अध्यापक इन्दिरा जैन ने इस अवसर पर डॉ राधाकृष्णन के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। छात्राओं द्वारा शिक्षकों के लिए कुर्सी रेस सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं मौली बांधकर सम्मान किया तथा अपने हाथों से बनाए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। शिक्षकों के सम्मान में केक कटवाकर खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर विद्यालय में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंध को और मजबूत किया तथा छात्राओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी एवं सहयोग की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभिनव पहल की सराहना की गई तथा सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।इस कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ शिव प्रसाद शर्मा दुर्गेश पारिक राकेश कुमार खटीक ज्योति सुमन किरण सोडा शकुंतला छिपी, माया कोली, कृष्णा सुगन्धी,नीरु, तबस्सुम खान, ममता सिंगाड़िया, आदित्य मीणा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कक्षा 10 की छात्रा नव्या चावला व सिमरन खान ने किया।

