जिम्मेदारी से बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास

 जिम्मेदारी से बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास



शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।


शाहपुरा/-राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दौलतपुरा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका निभाते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं का संचालन किया। इस अनूठी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदारी का एहसास कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।

प्रधानाचार्य मोनिका शर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को जिम्मेदारी सौंपने से उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास होता है तथा उनमें आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है। उप प्राचार्य राजीव सुवालका ने कहा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर मनाया जाने वाला शिक्षक दिवस विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियों का एहसास कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वरिष्ठ अध्यापिका इंदिरा धूपिया ने बताया कि प्रातःकाल से ही सभी छात्र-छात्राएं शिक्षक-शिक्षिका के रूप में विद्यालय पहुंचे और पूरे विद्यालय का संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कक्षा 11 की छात्रा पूजा जाट ने प्रधानाचार्य तथा कक्षा 12 के छात्र विष्णु गुर्जर ने प्रधानाचार्य की भूमिका निभाई। वहीं अन्य विद्यार्थियों ने भी बारी-बारी से शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका निभाते हुए विद्यालय का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया।

अध्यापक विजय व्यास ने कहा कि शिक्षक वह होता है जो विद्यार्थियों को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है।

इसके बाद शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए तथा उनके व्यक्तित्व के अनुरूप सुंदर मुक्तक प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य मोनिका शर्मा ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को डायरी एवं पेन उपहार स्वरूप भेंट किए।

कार्यक्रम में कक्षा 5 की छात्राओं रानू जाट, खुशी जाट, खुशी बैरवा सहित छात्राओं की टीम ने कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 की छात्रा विष्णु गुर्जर एवं प्रियंका रेगर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ अध्यापिका इंदिरा धूपिया का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता अनिल घूसर, भेरूलाल गाडरी, दीपू सुथार, सुनीता व्यास, मनीषा कंवर, रेखा सिंघवी, चंद्रकला झाला, चंद्रकांता शर्मा, भगवती टेलर, सोनिया कुमावत, रितेश टेपन, अर्चना शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने