बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: मां-बेटे की मौत, बहू गंभीर, ट्रक-कार और बोलेरो की भिड़ंत

 बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: मां-बेटे की मौत, बहू गंभीर, ट्रक-कार और बोलेरो की भिड़ंत




जिला सम्वाददाता 


 उत्तर प्रदेश बलरामपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र में तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटे की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।


मृतकों की पहचान संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के लोनियाभार निवासी श्यामनारायण (45) पुत्र राजमन और उनकी मां कैलाशी देवी (60) के रूप में हुई है। हादसे में श्यामनारायण की पत्नी वंदना चौधरी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। बताया गया कि श्यामनारायण तुलसीपुर चीनी मिल में केन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।


डायलिसिस के लिए लखनऊ जा रहे थे


जानकारी के अनुसार श्यामनारायण की डायलिसिस होनी थी। वह अपनी मां कैलाशी देवी और पत्नी वंदना के साथ स्विफ्ट डिजायर कार (UP 32 LQ 6166) से लखनऊ जा रहे थे। कार श्यामनारायण खुद चला रहे थे।


बताया गया कि बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार सड़क पर जा रही बोलेरो से भी टकरा गई।


तीनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर सवार श्यामनारायण और उनकी मां कैलाशी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं।


दवा लेने लखनऊ जा रहे थे बोलेरो सवार


हादसे में शामिल बोलेरो नौगढ़ के दूल्हा कोठी से लखनऊ जा रही थी। बताया गया कि बोलेरो सवार लोग दवा लेने के लिए लखनऊ जा रहे थे। वाहन में प्रकाश, राम सिंह, रामरतन और चंद्रभान समेत अन्य लोग सवार थे। बोलेरो चालक की पहचान राजेश के रूप में हुई है।


बोलेरो चालक राजेश के मुताबिक, उनकी बोलेरो के आगे स्विफ्ट डिजायर चल रही थी। बालाजी गैस एजेंसी के पास अचानक डिजायर अपनी दिशा से हटकर सामने से आ रहे ट्रक की ओर चली गई। इसी दौरान कार ट्रक से टकराई और फिर उनकी बोलेरो से भी जा भिड़ी।


झपकी आने की चर्चा, जांच के बाद साफ होगी वजह


स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि संभवतः कार चला रहे श्यामनारायण को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


मां-बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल भेजे गए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


गंभीर रूप से घायल वंदना चौधरी को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।


हादसे के बाद बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत और बहू के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने