आदिवासी विकास परिषद ने जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा और बैकलॉग पद भरने की उठाई मांग
जयपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, राजस्थान की ओर से निजी होटल में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष केसी घुमरिया ने की। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा सहित आदिवासी समाज के महान नायकों के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने जल, जंगल, जमीन, आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का आह्वान किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति के बैकलॉग पद शीघ्र भरने, पदोन्नति में रिक्तियां पूरी करने तथा अत्याचार निवारण कानून के निष्पक्ष एवं प्रभावी क्रियान्वयन की मांग उठाई गई। साथ ही जयपुर में आदिवासी सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तीकरण एवं संगठनात्मक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महिला-पुरुष सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईआरएस अधिकारी जेसी राठी, जेसी मीना, रुढ़मल, मदन लाल, अमर सिंह, निहाल सिंह, सुरज्ञान मीना, धर्मपाल मीना, रतन मीना, महिला विंग अध्यक्ष डॉ. आरती मीना, ममता मीना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
