छह माह से अटका कर्मचारियों का भुगतान, डाइट बसवा के एक दर्जन से अधिक कार्मिक भी प्रभावित
कोषालय से बिल पारित होने के बावजूद बैंक खातों में नहीं पहुंच रही राशि, कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारी आर्थिक परेशानी से जूझ रहे।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- बसवा- दौसा जिले में सरकारी कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों के विभिन्न वित्तीय देयकों का भुगतान पिछले करीब छह माह से अटका हुआ है। उपार्जित अवकाश (पीएल) के नकदीकरण,राज्य बीमा (एसआई),सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) ऋण तथा सेवानिवृत्ति परिलाभों का भुगतान समय पर नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस समस्या से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट),बसवा के भी एक दर्जन से अधिक कार्मिक प्रभावित हैं, जिन्हें अपने ही हक की राशि के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
डाइट बसवा में व्याख्याता के पद पर कार्यरत *लोकेश पीलवाल* ने बताया कि उनका समर्पित अवकाश नकदीकरण का बिल मई 2026 में ही कोषालय से पारित हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इसी प्रकार संस्थान में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत *जितेंद्र कुमार मिश्रा* ने बताया कि उन्होंने राज्य बीमा एवं जीपीएफ ऋण के लिए पिछले माह आवेदन किया था। उनके आवेदन ऑटो प्रोसेस के माध्यम से कोषालय से पारित भी हो चुके हैं, लेकिन राशि अभी तक उनके बैंक खाते में जमा नहीं हुई है।
*कोषालय से बिल पारित, फिर भी खातों में नहीं पहुंची राशि*
नियमानुसार राज्य कर्मचारियों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 15 उपार्जित अवकाश समर्पित करने पर नकद भुगतान का प्रावधान है। इसके बावजूद कई कर्मचारियों के भुगतान बिल करीब छह माह पहले तैयार होकर कोषालय से पारित हो चुके हैं, लेकिन राशि अब तक खातों में नहीं पहुंची है। कर्मचारियों का कहना है कि दीपावली के अवसर पर पे-लेवल 11 तक के कर्मचारियों को ही समर्पित अवकाश की राशि का भुगतान किया गया,जबकि इससे ऊपर के पे-लेवल वाले कार्मिक अभी भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इनमें डाइट बसवा के वरिष्ठ व्याख्याता एवं अन्य कार्मिक भी शामिल हैं।
*जीपीएफ और एसआई ऋण में भी देरी*
कर्मचारियों की अपनी बचत राशि से जुड़े जीपीएफ एवं राज्य बीमा ऋण के आवेदनों का भी दो से तीन माह तक निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इससे पारिवारिक जरूरतों, बच्चों की शिक्षा,चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अपनी ही जमा राशि के विरुद्ध ऋण लेने वाले कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
*सेवानिवृत्त कर्मचारी भी लगा रहे कार्यालयों के चक्कर*
इस समस्या से सेवानिवृत्त कार्मिक भी अछूते नहीं हैं। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले 300 उपार्जित अवकाश के नकदीकरण,ग्रेच्युटी और पेंशन कम्यूटेशन जैसे महत्वपूर्ण परिलाभों के भुगतान में भी तीन माह या उससे अधिक की देरी हो रही है। नियमित वेतन बंद होने के बाद सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली राशि समय पर नहीं मिलने से बुजुर्ग कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। उन्हें अपने ही अधिकारों की राशि प्राप्त करने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
*कर्मचारियों ने सरकार से की लंबित भुगतान की मांग*
दौसा जिले एवं डाइट बसवा के प्रभावित कार्मिकों ने राज्य सरकार और वित्त विभाग से मांग की है कि पे-लेवल के आधार पर भुगतान में हो रहे भेदभाव को समाप्त कर सभी पात्र कर्मचारियों के लंबित देयकों का एक साथ भुगतान किया जाए। कोषालय से बिल पारित होने के बावजूद खातों में राशि नहीं पहुंचने के कारणों तथा बजट की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए। साथ ही कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी वित्तीय देयकों के भुगतान के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए,ताकि कर्मचारियों को अपने ही अर्जित धन के लिए महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़े।