पीएम मोदी और सीएम योगी के वर्चुअल संबोधन के साथ सेवा ज्योति यात्रा रवाना
जिला सम्वाददाता
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन के बीच यात्रा को जिले की सभी विधानसभाओं के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का वर्चुअल संदेश सुना।
कार्यक्रम में सेवा ज्योति यात्रा के प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। सेवा ज्योति यात्रा इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा मंत्री रजनी पांडेय ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा और संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। यात्रा के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा कार्यों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि बलरामपुर में सेवा ज्योति यात्रा को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे हैं। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सेवा ज्योति यात्रा इन योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा को अपना दायित्व मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का काम कर रहे हैं।
पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह ‘शैलू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि सेवा भाजपा की पहचान है और सेवा ज्योति यात्रा इस विचार को और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने कहा कि यात्रा की सफलता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर चेयरमैन सविता गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, आद्या सिंह ‘पिंकी’, देवानन्द गुप्ता, संजय शुक्ला, डीपी सिंह , अनुप चन्द्र गुप्ता, जिला महामंत्री बिन्दु विश्वकर्मा, राधेश्याम वर्मा, झूमा सिंह, मंजू तिवारी, ललिता तिवारी, सविता शुक्ला, साधना पांडेय समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। यात्रा जिले की सभी विधानसभाओं में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण के कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाएगी।
