परमात्मा की कृपा पानी है तो मन राम भक्ति में समर्पित करना होगा-आचार्य रामदयालजी महाराज
रामद्वारा धाम में चातुर्मासकाल में आयोजित मानस प्रवचन एवं भक्तमाल की कथा सम्पन्न
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा। नवरात्रि के नौ दिन आराधना के भक्ति काल है। भक्ति के सामने शक्ति को भी झुकना पड़ता है। महाप्रभु स्वामी रामचरणजी महाराज ने चिंतन प्रतिपादित किया कि सभी में ब्रह्म विद्यमान है। राम अंक है ओर अंक ब्रह्म है एवं अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शब्द ब्रह्म का उपासक है। ये विचार अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज ने ‘‘विश्व शांति कल्याण’’ चातुर्मास के तहत सोमवार को दैनिक सत्संग में व्यक्त किए। उन्होंने चातुर्मास में तीन माह से जारी मानस प्रवचन पूर्ण करने वाले प्रखर वक्ता संत मनोरथरामजी आलोट को साधुवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इसके माध्यम से जन-जन के मानस को राममय बनाने का पुरूषार्थ किया। उन्होंने कहा कि राम भक्ति का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि जीवन भर रावण विरोधी की भूमिका अदा करता रहा लेकिन रावण का राम के प्रति अनुराग किसी से कम नहीं था। विरोध का करना उसकी मजबूरी थी क्योंकि उसे पता था कि राम का विरोध करेंगे तो तीन जन्म में उद्धार को प्राप्त हो जाएंगे ओर प्रेम करेंगे तो सात जन्म लग जाएंगे। तब उसने कहा कि इतनी लंबी अवधि का इन्तजार करने की बजाय विरोध करेंगे।
आचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य उसी से प्रेम ओर स्नेह करता है जिससे मन मिल जाता है। मन मिल जाता है तो एक पलंग पर आठ-नौ जने भी बैठ सकते ओर मन नहीं मिले तो दो जनें पूरे ब्रह्ाण्ड में नहीं रह सकते। विभीषण ने अपने मन को मना लिया तो राम की कृपा के पात्र बन गए। रावण मन के अनुसार चला तो उसका इतिहास अलग ही बना। उन्होंने कहा कि राम धर्म है, राम उपासना है, राम चरित्र एवं संस्कृति है जबकि इसके ठीक विपरीत रावण विकृति है जिससे सदा बचना चाहिए।
आचार्य रामदयाल महाराज ने कहा कि समय गतिशील है ओर तीन पूर्व प्रारंभ चातुर्मास अब समापन दौर में आ पहुंचा है। दो दिन विजयादशमी एवं एकादशी पर सुबह 9 बजे से चातुर्मासिक प्रवचन होंगे। चातुर्मास का विधिवत समापन 22 अक्टूबर को होगा। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में उनका ये पांचवा चातुर्मास भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न आयोजनों के लिए सदा स्मरण किया जाएगा। इस चातुर्मास में सम्पूर्ण भागवत का तत्व ज्ञान प्राप्त हुआ तो अनुभव वाणीजी की सत्संग एवं भव्य सामूहिक पाठ, मानस प्रवचन एवं भक्तमाल की कथा श्रवण का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिला।
आचार्यश्री से पूर्व अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के प्रखर वक्ता संत मनोरथरामजी आलोट द्वारा चातुर्मासकाल में प्रतिदिन हो रहे मानस प्रवचन का विश्राम (पूर्ण) हुआ। उन्होंने कहा कि मानस प्रवचन जीवन जीने की कला सिखाते है ओर ये बताते है कि कोई कितना भी शक्तिशाली ओर बलशाली क्यों न हो अंहकार,अभिमान ओर प्रमाद विनाश का कारण बनते है ओर जो विभीषण की तरह बुराई का त्याग कर राम की शरण में चले जाते है उनके जीवन का कल्याण हो जाता है। सत्संग में भीलवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सूर्यास्त के समय संध्या आरती के बाद रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा संत रामजस ईडर द्वारा होने वाली भक्तमाल की कथा भी सोमवार को पूर्ण हुई। चातुर्मास में प्रतिदिन रामधुनी के साथ सुबह 8.30 से 9 बजे तक वाणीजी का पाठ हो रहा है। दैनिक सत्संग सुबह 9 बजे से हो रहा है।

