पीपाड़ शहर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 529 प्रकरणों का हुआ निस्तारण
सुलह और समझाइश के जरिए मामलों का निपटारा, न्यायालयों में पक्षकारों को मिली राहत
पीपाड़ शहर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला के निर्देशानुसार शनिवार को पीपाड़ शहर के न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें राजीनामा योग्य लंबित प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का सुलह और समझाइश के माध्यम से निस्तारण किया गया।राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत एसीजेएम न्यायालय पीपाड़ एवं जेएम न्यायालय पीपाड़ में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों तथा प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण के लिए गठित बेंच में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती दिव्या शर्मा अध्यक्ष तथा पैनल अधिवक्ता सीताराम टाक सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के लिए गठित बेंच में दिव्या शर्मा अध्यक्ष एवं उपखंड मजिस्ट्रेट पीपाड़ शहर नेमाराम रॉयल सदस्य के रूप में मौजूद रहे।राष्ट्रीय लोक अदालत की बेंच अध्यक्ष दिव्या शर्मा ने बताया कि लोक अदालत में एसीजेएम न्यायालय पीपाड़ के 130 तथा जेएम न्यायालय पीपाड़ के 77 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा तालुका विधिक सेवा समिति, पीपाड़ शहर में प्री-लिटिगेशन प्रकृति के 322 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 529 प्रकरणों का निस्तारण हुआ।राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारी, अधिवक्ता, पक्षकार तथा न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति, सुलह और समझाइश के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया।
