1100 कन्याओं के पूजन से गूंजा जयपुर, पौण्ड्रिक उद्यान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सांसद मंजु शर्मा और महापौर सुनील कोठारी ने किया कन्या पूजन, हवन के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
जयपुर। राजधानी के ब्रह्मपुरी स्थित पौण्ड्रिक उद्यान में हनुविस्ता बहुउद्देशीय संस्था की ओर से शारदीय नवरात्रि की तृतीया पर ऐतिहासिक 1100 कन्या पूजन एवं महाप्रसादी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव में जयपुर सांसद मंजु शर्मा और महापौर सुनील कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पार्षद सतीश शर्मा, भगवती देवी और रेनू खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया।
कन्या पूजन से दिया नारी सम्मान का संदेश
कार्यक्रम में विधि-विधान से 1100 कन्याओं के चरण वंदन, पूजन और आरती की गई। इसके बाद कन्याओं को उपहार भेंट किए गए। सांसद मंजु शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना गया है। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देते हैं। महापौर सुनील कोठारी ने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं संस्था के प्रतिनिधि मनोज शर्मा ने अतिथियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों का स्वागत करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य समाज में एकता, सद्भाव और लोक कल्याण की भावना को मजबूत करना है। हवन एवं कन्या पूजन के बाद विशाल महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से पौण्ड्रिक उद्यान भक्तिमय हो उठा।
