पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

 पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम



बाल सेवा योजना में अधिक से अधिक बच्चों को जोड़ने के निर्देश, कन्या सुमंगला के लिए चलेगा विशेष अभियान


‘विशेष कन्या सप्ताह’ में पात्र बालिकाओं की पहचान से लेकर आवेदन तक होगी कार्रवाई


पॉक्सो, बाल विवाह, दत्तक ग्रहण और किशोर न्याय से जुड़े मामलों की डीएम ने की समीक्षा


 जिला सम्वाददाता 


  उत्तर प्रदेश बलरामपुर/ जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत गठित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में बाल संरक्षण, देखरेख एवं पुनर्वास से संबंधित गतिविधियों के साथ ही बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा विभिन्न बाल कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।


जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को चिन्हित कर अधिक से अधिक बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बच्चा जानकारी अथवा प्रक्रिया के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।


कन्या सुमंगला योजना के लिए विशेष अभियान


जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में ‘विशेष कन्या सप्ताह’ आयोजित कर पात्र बालिकाओं की पहचान, आवेदन और योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई अभियान के रूप में सुनिश्चित करने को कहा।


पॉक्सो मामलों की भी हुई समीक्षा


बैठक में पॉक्सो एक्ट के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत मामलों की समीक्षा की गई। मई से अगस्त 2026 तक 56 नवीन प्रकरण दर्ज हुए। इनमें मई में 14, जून में 16, जुलाई में 14 और अगस्त में 09 प्रकरण शामिल रहे। इसी अवधि में क्रमशः 14, 15, 14 और 09 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।


डीएम ने लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।


दत्तक ग्रहण और किशोर न्याय मामलों पर भी जोर


दत्तक ग्रहण के लिए स्वतंत्र घोषित एवं लंबित प्रकरणों तथा बाल कल्याण समिति द्वारा सपोर्ट पर्सन को सौंपे गए/आदेशित मामलों की समीक्षा की गई। मई से अगस्त 2026 के दौरान कुल 07 प्रकरण सपोर्ट पर्सन को सौंपे या आदेशित किए गए।


जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा किशोर न्याय बोर्ड को मई में 16, जून में 11, जुलाई में 18 और अगस्त में 11, कुल 56 सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट (SIR) भेजी गईं।


वहीं बाल कल्याण समिति को मई में 08, जून में 05, जुलाई में 09 और अगस्त में 06, कुल 28 सामाजिक अन्वेषण रिपोर्ट प्रेषित की गईं। मई से अगस्त के बीच क्रमशः 07, 01, 13 और 12, कुल 33 बच्चों की काउंसलिंग भी की गई।


बाल विवाह रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश


जिलाधिकारी ने बाल विवाह की रोकथाम, पॉक्सो मामलों में आवश्यक सहयोग, बच्चों की देखरेख एवं पुनर्वास, दत्तक ग्रहण प्रक्रिया और किशोर न्याय से जुड़े मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त अथवा संरक्षण की आवश्यकता वाले किसी भी बच्चे की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल सक्रिय होकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।


डीएम ने सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बाल सेवा योजना और कन्या सुमंगला योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे एवं बालिका तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने