पुलिस की पाठशाला में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके

 

पुलिस की पाठशाला में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके




मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी


डिजिटल अरेस्ट, एईपीएस फ्रॉड और स्क्रीन शेयरिंग एप से सावधान रहने की दी नसीहत


 जिला सम्वाददाता 


 उत्तर प्रदेश बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को बाल भारती इंटर कॉलेज, थाना कोतवाली नगर में दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला के सौजन्य से ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।


पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर संतोष मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी।


बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ किया जागरूक


कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को दहेज प्रथा, बाल विवाह और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है। साथ ही दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।


मुसीबत में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें कॉल


छात्राओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।


इसके साथ ही ऑपरेशन रक्षा, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन नशा मुक्ति और ऑपरेशन खोज के बारे में भी बताया गया।


गुड टच-बैड टच और घरेलू हिंसा पर हुई चर्चा


कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराध, महिला अधिकार और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य एवं वहां उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।


एईपीएस फ्रॉड से बचने को आधार बायोमेट्रिक लॉक रखने की सलाह


साइबर अपराध से बचाव के लिए छात्र-छात्राओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। बताया गया कि आधार आधारित एईपीएस फ्रॉड से बचने के लिए आधार का बायोमेट्रिक लॉक रखें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई एप डाउनलोड न करें। स्क्रीन शेयरिंग एप के माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल का एक्सेस लेकर उसका दुरुपयोग कर सकते हैं।


सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई। ई-कॉमर्स वेबसाइट की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एप से ही खरीदारी करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया अकाउंट में टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखने और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने को कहा गया।


साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल


पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क अथवा 1930 पर संपर्क करें। साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी की जा सकती है।


नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ


कार्यक्रम में बाल विवाह, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा की रोकथाम के साथ सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।


इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने