हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर मालाखेड़ा पहुंचा दूल्हा, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-मालाखेड़ा- अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र में एक अनोखी और आकर्षक शादी चर्चा का विषय बनी रही। हिम्मत चौधरी के पुत्र निश्चय चौधरी का विवाह डीग जिले के जनूथर निवासी रुचिका चौधरी के साथ संपन्न हुआ। विवाह के बाद दूल्हा निश्चय चौधरी अपनी दुल्हन रुचिका चौधरी को हेलीकॉप्टर से लेकर मालाखेड़ा पहुंचा।
हेलीकॉप्टर से दूल्हा-दुल्हन के मालाखेड़ा पहुंचने पर परिवार में खुशी का माहौल छा गया। इस अवसर पर दूल्हे के दादा मूलचंद चौधरी सहित परिवार के सदस्यों और महिलाओं ने नवदंपती का पारंपरिक तरीके से स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद परिवारजन दुल्हन को मंगलगीतों और खुशियों के बीच घर लेकर पहुंचे।
दूल्हे के हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर पहुंचने की खबर से क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल रहा। इस अनूठे अंदाज में हुई दुल्हन की विदाई और आगमन को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौके पर मौजूद रहे।
