रामदेवरा से शुरू हुई लोकमंथन यात्रा का स्वागत
रामगोपाल शर्मा गोपी /शुभ भास्कर
सीकर, गत 2 सितंबर को रामदेवरा की पवित्र धरा से शुरू हुई लोकमंथन यात्रा का शुक्रवार को यहां भव्य स्वागत किया गया। यात्रा स्वागत में श्री कल्याण कन्या महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक एवं बौद्धिक चेतना का विशाल महासंगम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जसवंत सिंह खत्री ने कहा कि हम भारतीय ही राष्ट्र निर्माण की असली शक्ति हैं। भारत की वास्तविक ताकत उसकी सांस्कृतिक जड़ों, साझा चेतना और युवा शक्ति में निहित है। युवाओं को भारतीय जीवन दृष्टि को अपनाकर समाज और देश को नई दिशा देनी होगी।
ऊंट-घोड़ों के लवाजमे व बैंड की धुन के साथ निकली मनमोहक शोभायात्रा में पारंपरिक लवाजमे, ऊंट-घोड़ों की अगवानी, गूंजती बैंड की धुन और लोक वाद्यों के साथ पुलिस लाइन और एसके स्कूल होते हुए एसके कन्या महाविद्यालय पहुंची। शोभायात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने नृत्य करते हुए राजस्थान की समृद्ध संस्कृति की छटा बिखेरी। राजस्थानी भाषा में मंच संचालन, परिसर में जीवंत हुई लोक संस्कृति
महाविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलन, वन्दे मातरम और मंगल लोकगीतों के साथ सत्रों की शुरुआत हुई। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन राजस्थानी भाषा में किया गया और स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी-अपनी बोलियों में प्रस्तुतियां दी। प्रज्ञा प्रवाह के क्षेत्रीय संयोजक सत्यनारायण ने लोकमंथन की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा सीकर के तत्वावधान में पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें सतोळिया, हड़दड़ा, रस्साकसी,रुमाल झपट्टा और महिलाओं के गट्टा खेल में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं श्री कल्याण राजकीय विद्यालय सीकर के तत्वावधान में पारंपरिक व पौष्टिक भोजन की प्रदर्शनी लगाई गई तथा विज्ञान भारती ने लोक वास्तु, लोक विज्ञान और आधुनिक कृषि तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई गई। सीकर जिला केंद्र एवं एसके कन्या महाविद्यालय में भव्य स्वागत समारोह, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक सम्मेलनों के संपन्न होने के पश्चात यह लोकमंथन यात्रा सीकर के आदर्श ग्राम मंडावरा के लिए प्रस्थान कर गई। मंडावरा में यात्रा के स्वागत के साथ ही ग्राम्य जीवन, लोक कलाओं और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन में सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति और विद्यार्थियों सहित लगभग 2,500 लोगों की विशाल उपस्थिति रही। इस आयोजन ने पूरे शहर को राजस्थानी संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और वैचारिक चेतना के रंग में सरोबार कर दिया।

