सर सैयद का पैगाम: तालीम, इत्तेहाद और किरदार से होगा राष्ट्र निर्माण
डॉ. आजम बैग बोले नफरत नहीं, मोहब्बत और भाईचारा बने भारत की पहचान
जयपुर। योम-ए-सर सैयद (17 अक्टूबर) के अवसर पर एएमयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. आजम बैग ने कहा कि शिक्षा, एकता और अच्छे संस्कार समाज की तरक्की तथा राष्ट्र निर्माण की बुनियाद हैं। सर सैयद अहमद ख़ान ने शिक्षा को बदलाव का माध्यम बनाकर अलीगढ़ तहरीक की शुरुआत की, जिसने आधुनिक और वैज्ञानिक शिक्षा का रास्ता खोला। डॉ. बैग ने कहा कि आज बेरोजगारी, नफरत, फर्जी खबरों और सामाजिक विभाजन जैसी चुनौतियों के बीच सर सैयद के विचार प्रासंगिक हैं। युवाओं को आधुनिक, वैज्ञानिक और व्यावसायिक शिक्षा हासिल कर समाज की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नफरत की दीवार खड़ी करने के बजाय आपसी सद्भाव और भाईचारे का पुल बनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचार, नशे और असहिष्णुता से दूर रहकर अपने किरदार से समाज में उदाहरण पेश करें। राष्ट्र निर्माण केवल सरकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डॉ. आजम बैग ने बताया कि जयपुर में आयोजित सर सैयद दिवस समारोह में शिक्षा, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण को केंद्रबिंदु बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नफरत नहीं, मोहब्बत और भाईचारा ही भारत की साझा विरासत को मजबूत करेंगे।
