भगवान को चाहनेवाला निखर जाता है: राघव ऋषि
रामगोपाल शर्मा गोपी /शुभ भास्कर
सीकर, यहां माहेश्वरी भवन में चल रही भागवत कथा के दूसरे दिन काशी निवासी अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वक्ता श्रीविद्या सिद्ध एवं ज्योतिष सम्राट पूज्य राघव ऋषिजी ने कहा कि माया को चाहने वाला बिखर जाता है और भगवान को चाहने वाला निखर जाता है। परीक्षित को श्राप हुआ अतः उसे भयमुक्त करने के लिए शुकदेव जी आते हैं। प्रभु मिलन की आतुरता के कारण ही सन्त मिलन होता है। जीव जब परमात्मा से मिलने के लिए आतुर होता है तो प्रभु कृपा से संत मिलते हैं। संसार में रहते रहते संतवृत्ति जागृत करनी चाहिए। कथाक्रम को आगे बढ़ाते हुए ऋषिजी ने कहा जन्म मृत्यु, जरा, व्याधि के दुखों का विचार करोगे तो वैराग्य उत्पन्न होगा और पाप छूटेंगे। निद्रा और विलास में रात्रि गुजर जाती है धन प्राप्ति व कुटुंब पालन में दिन गुजर जाते हैं। मानसी सेवा श्रेष्ठ कही गई है। जिससे अंतः करण शुद्ध होता है। अधिकतर पाप शरीर से नहीं, मन से होता है। उनका मन मृगबाल में फंसा। हरि चिंतन घटने लगा और हरिण चिंतन बढ़ने लगा। अनावश्यक आसक्ति शक्ति को घटाती है।
जीव को अनावश्यक आसक्ति छोड़कर प्रभु की भक्ति करनी चाहिए। दुःख सहकर ईश्वर का भजन करने से पाप नष्ट होते हैं। भरत ने प्रभु का ध्यान करते हुए शरीर का त्याग किया। जीव संसार में रहते हुए अपने मूल स्रोत प्रभु को पहचानने का प्रयास नहीं करता इसलिए दुखी होता है भागवत कथा आत्म दर्शन कराती है।
