प्याज सीजन को लेकर मंडी प्रशासन अलर्ट, व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक।

 प्याज सीजन को लेकर मंडी प्रशासन अलर्ट, व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक।



*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*

 

(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर आगामी अक्टूबर माह के मध्य एवं अंतिम सप्ताह से शुरू होने वाले प्याज सीजन को लेकर कृषि उपज मंडी समिति प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्याज मंडी के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर गुरुवार को कृषि उपज मंडी समिति, अलवर के सभागार में मंडी प्रशासन एवं व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय उप निदेशक, कृषि विपणन विभाग अलवर उमेशचंद शर्मा ने की।

बैठक में फल-सब्जी मंडी आढ़तिया यूनियन के पदाधिकारियों तथा प्याज व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्याज की आवक, नीलामी,तुलाई,लोडिंग, यातायात व्यवस्था सहित किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

*50 किलो से अधिक नहीं होगी कट्टे की क्षमता*

बैठक में निर्णय लिया गया कि किसानों से अधिकतम 50 किलोग्राम क्षमता वाले कट्टों में ही प्याज मंगवाया जाएगा। कट्टों की भराई एवं तुलाई भी 50 किलोग्राम से अधिक नहीं की जाएगी। इससे किसानों को तुलाई के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिलने के साथ ही मंडी व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।

*रात ०8 से सुबह ०8 बजे तक प्याज की आवक*

प्याज की आवक का समय रात ०8 बजे से सुबह ०8 बजे तक निर्धारित रखने पर सहमति बनी। इसके बाद निर्धारित समय पर नीलामी एवं लोडिंग का कार्य कराया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य आवक और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित रखते हुए मंडी परिसर में अनावश्यक जाम की स्थिति को रोकना है।

*मुख्य मार्ग रहेंगे अतिक्रमण मुक्त*

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्याज की नीलामी निर्धारित समय पर कराई जाएगी। मंडी परिसर में प्याज की आवक-जावक तथा वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए मुख्य सड़क एवं अन्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा। व्यापारियों से व्यवस्था बनाए रखने में मंडी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

*किसानों के सम्मान और नकद भुगतान पर जोर*

बैठक में किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी उपज का नकद भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्याज सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

प्रकाश, सुरक्षा और पेयजल की होगी व्यवस्था

मंडी प्रशासन ने प्याज सीजन को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि सीजन के दौरान परिस्थितियों के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी समय पर की जाएंगी, ताकि बढ़ती आवक के बावजूद मंडी का संचालन प्रभावित न हो।

क्षेत्रीय उप निदेशक उमेशचंद शर्मा ने व्यापारियों से प्याज सीजन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और मंडी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में सहयोग करने की अपेक्षा की।

बैठक में मंडी सचिव अंजू जाटव, फल-सब्जी आढ़तिया यूनियन के प्रधान पप्पू भाई, संरक्षक देवेंद्र छाबड़ा, महासचिव सौरभ कालरा, सचिव पंकज सैनी, कैशियर रोशनलाल सैनी सहित धारा भाई, रामस्वरूप निहानियां, राजू कोडवानी, गोर्वधन नारवानी, दीना सैनी, मुकेश जोशी, गणेश सैनी, मोनू सैनी एवं अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने