पीपल्स ग्रीन पार्टी पूरे राजस्थान में चुनावी मैदान में उतरेगी-नसीम अंसारी ने किया बड़ा ऐलान

 पीपल्स ग्रीन पार्टी पूरे राजस्थान में चुनावी मैदान में उतरेगी-नसीम अंसारी ने किया बड़ा ऐलान



जयपुर। आगामी चुनावों को लेकर पीपल्स ग्रीन पार्टी (PGP) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नसीम अंसारी ने कहा है कि पीपल्स ग्रीन पार्टी अब केवल चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे राजस्थान में चुनाव लड़ेगी।


उपाध्यक्ष नसीम अंसारी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य राजस्थान के हर क्षेत्र में जनता से सीधे जुड़ना और एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था को मजबूत करना है, जिसमें आम आदमी, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग अपनी आवाज प्रभावी तरीके से उठा सकें।


उन्होंने कहा कि राजस्थान की राजनीति में लंबे समय से स्थापित राजनीतिक विकल्पों के बीच जनता एक ईमानदार, जनहितैषी और मुद्दा आधारित राजनीतिक विकल्प की तलाश में है। PGP इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रदेश के हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र तक संगठन का विस्तार करेगी।


हर जिले में संगठन मजबूत करने की तैयारी


पार्टी सूत्रों के अनुसार, राजस्थान के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने के साथ-साथ आगामी चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशियों और मजबूत जनाधार वाले चेहरों की पहचान भी की जाएगी।


नसीम अंसारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय जनता के रोजमर्रा के मुद्दों और समस्याओं के साथ लगातार खड़े रहें।


जाति और धर्म नहीं, जनता के मुद्दे होंगे केंद्र में


PGP नेतृत्व का कहना है कि पार्टी की राजनीति जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने के बजाय मानवता, सामाजिक न्याय, समान अवसर और विकास के मुद्दों पर केंद्रित रहेगी।


नसीम अंसारी ने स्पष्ट किया कि राजस्थान के आगामी राजनीतिक परिदृश्य में पीपल्स ग्रीन पार्टी एक व्यापक राज्यव्यापी राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।


पूरे राजस्थान में चुनाव लड़ने के इस ऐलान के बाद अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि PGP आगामी चुनावों में कितनी सीटों पर प्रत्याशी उतारती है और प्रदेश की राजनीति में उसका प्रभाव कितना बढ़ता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने