सोशल मीडिया पर सस्ते सौदे का झांसा देकर व्यापारी से लूट, गुजरात किडनैपिंग केस में ०2 आरोपी गिरफ्तार।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर पुलिस ने सोशल मीडिया पर सस्ते सामान का लालच देकर व्यापारियों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुजरात के एक व्यापारी के अपहरण और लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से सस्ते दामों में सामान बेचने का झांसा देकर व्यापारियों को अलवर बुलाते थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे की ओर सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करते, मोबाइल और नकदी लूट लेते तथा धमकाकर फर्जी बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवा लेते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने इस तरह की अन्य वारदातों में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्यवाही में थाना अरावली विहार प्रभारी निरीक्षक गुरूदत्त सैनी के नेतृत्व में हरिराम, फजरूदीन, घनश्याम, नरेश एवं समय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा
