15 साल से बिजली कनेक्शन का इंतजार कर रही बंजारा बस्ती में पहुंची रोशनी
स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व सैनिक आनंद सिंह ने दिया अनोखा तोहफा,
30 घरों में लगाए गए सोलर पैनल, करीब 150 लोगों को मिली राहत,
वर्षों से अंधेरे में रह रहे परिवारों के घर सौर ऊर्जा से जगमगाए,
बस्तीवासियों ने माला-साफा पहनाकर आनंद सिंह का किया सम्मान,
पूर्व सैनिक बोले- “लोग गांव गोद लेते हैं, मैंने बंजारा बस्ती को गोद लिया”
चौमू. रामपुरा डाबड़ी तहसील की ग्राम पंचायत सेवापुरा में कचरा प्लांट के पास स्थित बंजारा बस्ती के करीब 30 घरों में 15 साल बाद उजियारा हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक एवं भामाशाह आनंद सिंह हनुमानपुरा की पहल पर घर-घर सोलर पैनल लगाए गए। इससे बस्ती में रहने वाले करीब 150 लोगों के घर सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमगा उठे।
15 साल से बिजली कनेक्शन का इंतजार
बस्ती के ग्रामीण भूराराम बंजारा, गोमाराम बंजारा और पाचूराम बंजारा सहित कई परिवार लंबे समय से विद्युत कनेक्शन के लिए प्रयास कर रहे थे। कई बार आवेदन और प्रयास के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं मिल सका। ऐसे में परिवार वर्षों से अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्या पूर्व सैनिक आनंद सिंह के सामने रखी। इसके बाद उन्होंने बस्ती की समस्या को देखते हुए अपने स्तर पर सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।
घर-घर पहुंची सौर ऊर्जा की रोशनी
घरों में सोलर पैनल लगाए जाने के बाद जैसे ही बस्ती के घर रोशनी से जगमगाए, वहां खुशी का माहौल बन गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर वर्षों बाद उजाले की खुशी साफ नजर आई। ग्रामीणों ने कहा कि 15 साल के अंधेरे के बाद घरों में रोशनी पहुंचना उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है।
माला-साफा पहनाकर किया सम्मान
सोलर रोशनी की सौगात मिलने पर बस्तीवासियों ने आनंद सिंह का माला और साफा पहनाकर सम्मान किया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और इस पहल के लिए उनका आभार जताया।
“लोग गांव गोद लेते हैं, मैंने बंजारा बस्ती को गोद लिया”
आनंद सिंह ने बताया कि उन्हें बस्ती के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिली थी। उन्होंने बंजारा बस्ती को गोद लेने की घोषणा करते हुए बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरतों में सहयोग का भरोसा दिलाया। आनंद सिंह ने कहा, “लोग गांव को गोद लेते हैं, मैंने आज बंजारा बस्ती को गोद लिया है।” उन्होंने कहा कि सोलर रोशनी से केवल घर ही रोशन नहीं हुए, बल्कि बस्ती के बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जगमगाई है। इस मौके पर पांडुराम बंजारा, हनुमान बंजारा, सुल्तान बंजारा, पहलाद बंजारा, सूरज बंजारा, ओकार बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे

